फतेहाबाद जिले में टोहाना के गांव जांडली कलां में बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला की बेटी अंजलि सिंह की अगुवाई में भाजपा और कांग्रेस छोड़कर दर्जनों परिवार इनेलो में शामिल हुए। इनेलो महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला विशेष रूप से मौजूद रहीं। अंजलि सिंह ने सभी परिवारों का स्वागत करते हुए उन्हें इनेलो में पूरा मान-सम्मान मिलने का भरोसा दिलाया। सुनैना चौटाला ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।उन्होंने कहा कि आज देश और हरियाणा का मध्यम वर्ग महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहा है। नीट पेपर लीक का जिक्र करते हुए सुनैना चौटाला ने आरोप लगाया कि बार-बार पेपर लीक होने और भर्तियां रद्द होने से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। नरेगा का काम बंद होने से नहीं मिली मजदूरी : सुनैना सुनैना चौटाला ने यह भी कहा कि नरेगा का काम बंद होने से सात-आठ महीने से मजदूरों को मजदूरी नहीं मिली है। इसी तरह, सफाई कर्मचारियों को भी महीनों से वेतन नहीं मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री की डीजल की खपत कम करने और सोना न खरीदने की सलाह पर तंज कसते हुए कहा कि आज लोगों के पास सब्जी खरीदने तक के पैसे नहीं बचे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने घर-घर से पैसा गायब कर दिया है और बदले में कागजों का पुलिंदा थमा दिया है। फैमिली आईडी, प्रॉपर्टी आईडी और आधार लिंकिंग के नाम पर जनता को उलझाया जा रहा है, लेकिन इन कागजों से किसी का पेट नहीं भरता। भाजपा और कांग्रेस की सरकार ने नहीं की हरियाणा की चिंता सुनैना चौटाला ने आरोप लगाया कि 13 साल भाजपा और 10 साल कांग्रेस की सरकारों को हरियाणा की चिंता नहीं रही। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पार्टियां वोट लेकर दिल्ली में दरबार सजाती हैं, जबकि अभय सिंह चौटाला ने किसान आंदोलन के समय विधायक पद से इस्तीफा देकर किसानों का साथ दिया था। राज्यसभा चुनाव का हवाला देते हुए सुनैना चौटाला ने कहा कि कांग्रेस के विधायक ‘बिक गए’, जिसमें टोहाना का विधायक भी शामिल था। उन्होंने बताया कि इस चुनाव में टोहाना से कांग्रेस विधायक परमवीर सिंह का वोट रद्द हो गया था। उन्होंने जनता से ऐसी ‘खरीद-फरोख्त’ को रोकने के लिए अपने वोट की ताकत का इस्तेमाल करने का आह्वान किया।
Source: Source