जालंधर सेंट्रल से आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेश हुए। ED ने उन्हें समन जारी कर 2 जून को पेश होने के लिए बुलाया था। विधायक सफेद कुर्ता-पायजामा पहनकर ED दफ्तर पहुंचे, जहां प्रवेश के समय उनका सामान जमा कराया गया। इसके बाद उन्हें अंदर पूछताछ के लिए भेजा गया। यह मामला आय से अधिक संपत्ति से जुड़ी जांच से संबंधित है। इससे पहले पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भी उनके खिलाफ कार्रवाई की थी और उन्हें गिरफ्तार किया गया था। उन पर लगभग 1.10 करोड़ रुपये की संपत्ति से जुड़े आरोप हैं। आरोप है कि उन्होंने असिस्टेंट टाउन प्लानर के साथ मिलकर अवैध नोटिस जारी किए। इन नोटिसों के जरिए बिल्डिंग मालिकों को धमकी देकर पैसे वसूलने का मामला सामने आया था। इस केस के आधार पर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की। उनके खिलाफ पहले भी अवैध वसूली का मामला दर्ज हो चुका है। बाद में उन्हें अदालत से जमानत मिल गई थी। अब ED ने PMLA के तहत उनका बयान दर्ज किया है।
Source: Source