अलावलपुर कस्बे में लुटेरों का आतंक बढ़ गया है। रविवार दोपहर, आदमपुर से अपने बेटे के साथ बाइक पर घर लौट रही सुरेंद्र कौर नामक महिला को बदमाशों ने अपना शिकार बनाया। महमदपुर गांव के पास, पीछे से आए दो नकाबपोश बाइक सवार लुटेरों ने चलती बाइक पर महिला के कानों से बालियां झपट लीं और तेजी से फरार हो गए। महिला और उनके बेटे ने लुटेरों को पकड़ने का प्रयास किया और परिजनों को सूचना दी, लेकिन लुटेरे अपनी बाइक घुमाकर लिंक रोड के रास्ते भाग निकले। लूटी गई बालियों का वजन करीब चार ग्राम और अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई जा रही है। पीड़िता ने अलावलपुर पुलिस को घटना की शिकायत दे दी है। पुलिस फिलहाल इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
Source: Source