अमेरिका के वर्जीनिया में एक 19 वर्षीय पंजाबी छात्र गौरव चोपड़ा ने अपने ही परिवार पर गोलियां बरसा दीं। इस दुखद घटना में गौरव के पिता सीता राम, माता कमलेश रानी और नानी महेंद्र कौर की मौके पर ही मौत हो गई। गौरव का 21 वर्षीय बड़ा भाई सजन हमले में किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। आरोपी छात्र यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास रियो ग्रांडे वैली में पढ़ाई कर रहा था। वारदात को अंजाम देने के बाद गौरव कार से फरार हो गया था, लेकिन दुर्घटना के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी का हथियार भी जाम हो गया था, जिससे वह और अधिक नुकसान नहीं पहुंचा सका। गौरव पर ‘कैपिटल मर्डर’ के गंभीर आरोप लगाए गए हैं और उसे बिना जमानत जेल में रखा गया है। यह परिवार मूल रूप से पंजाब के नवाशहर जिले के लखपुर गांव का रहने वाला था। घटना की खबर सुनते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक सीता राम अमेरिका में सफल बिजनेस चलाते थे और समाज सेवा में सक्रिय थे। अभी 5 महीने पहले ही पूरा परिवार भारत स्थित अपने पैतृक गांव आया था। इस हत्याकांड के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, जिससे परिजन सदमे में हैं।
Source: Source