नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की अमृतसर जोनल यूनिट ने 18 किलो ड्रग्स बरामदगी मामले में मुख्य आरोपी हरमनजीत सिंह संधू की गिरफ्तारी के लिए 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। एजेंसी ने कहा है कि आरोपी के ठिकाने या उससे जुड़ी किसी भी जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। जानकारी देने के लिए एक संपर्क नंबर भी जारी किया गया है। पुलिस पहले ही इस मामले में आरोपी के तीन साथियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके बाद मुख्य आरोपी हरमनजीत सिंह अपना मोबाइल बंद कर फरार हो गया है। हाल ही में जांच के दौरान तरनतारन के कलसियां गांव के सरपंच परमजीत सिंह उर्फ पम्मा को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वह फरार आरोपी को पनाह दे रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि हरमनजीत की SUV वाहन की लोकेशन सरपंच के घर तक ट्रेस हुई थी। सरपंच पम्मा के राजनीतिक संबंधों को लेकर भी चर्चा हो रही है, हालांकि संबंधित दल ने किसी भी लिंक से इनकार किया है। पम्मा ग्राम रक्षा समिति से भी जुड़ा हुआ बताया गया है, जो ड्रग्स विरोधी अभियान के तहत बनाई गई थी। यह मामला ड्रग तस्करी नेटवर्क और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
Source: Source