अमृतसर में हथियारों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार भाजपा नेता के बेटे रोहन खोसला का 6 दिन का पुलिस रिमांड पूरा होने के बाद उसे दोबारा अजनाला अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे दो दिन की अतिरिक्त पुलिस रिमांड मिली है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह अपने ऑस्ट्रेलिया स्थित स्कूल क्लासमेट अनमोल के कहने पर पहले भी 8 पिस्तौल बॉर्डर से लाकर छेहर्टा और तरनतारन में डिलीवर कर चुका है। रोहन को हर फेरे के लिए 5 से 10 हजार रुपए मिलते थे, जिसका उपयोग वह अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए करता था। आरोपी रोहन को सात दिन पहले बीएसएफ ने 25 पिस्तौल और एक बुलेट प्रूफ जैकेट के साथ गिरफ्तार किया था। मास्टरमाइंड अनमोल, जो कि मजीठा रोड का रहने वाला है, वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया से बैठकर पाकिस्तान से हथियारों की तस्करी का नेटवर्क चला रहा है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस अवैध नेटवर्क के लिए विदेश से कितनी फंडिंग आई और पैसा किस माध्यम से रोहन तक पहुँचा। जांच अधिकारी अमनदीप सिंह ने बताया कि रिमांड के दौरान अन्य विदेशी संपर्कों और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। यह गिरोह पंजाब में अवैध हथियारों की सप्लाई में सक्रिय था, जिसका भंडाफोड़ होने से बड़ी साजिश टल गई है।
Source: Source