अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 8.378 किलो हेरोइन और 2 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 48 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई में 5 किलो से अधिक हेरोइन बरामद की थी। बाद की जांच में अतिरिक्त 3.368 किलो हेरोइन भी जब्त की गई। जांच में सामने आया कि पाकिस्तान में बैठे तस्कर ड्रोन के जरिए सीमा पार से खेप भेजते थे। स्थानीय तस्कर इन खेपों को उठाकर आगे सप्लाई करते थे। पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को नशा तस्करों के जाल से बचाने के लिए जागरूकता की अपील की है।
Source: Source