अमृतसर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर पौधारोपण अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। दैनिक भास्कर के ‘एक पेड़, एक जिंदगी’ अभियान के तहत कैनाल कॉलोनी में 100 पौधे लगाने की पहल शुरू की गई है। अभियान के पहले चरण में 25 पौधे लगाए गए। पर्यावरण प्रेमी दीपक बब्बर ने इस मुहिम की सराहना करते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने घोषणा की कि जो लोग अपने घरों या आसपास पौधे लगाने के लिए गड्ढे तैयार करेंगे, उनकी टीम उन्हें 2 से 5 पौधे निशुल्क उपलब्ध कराएगी। इसका उद्देश्य शहरवासियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है। इसके अलावा वेरका स्थित स्कूल में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्कूल स्टाफ और विद्यार्थियों ने मिलकर पौधे लगाए और 120 बच्चों को पौधे वितरित किए गए। बच्चों को अपने घरों के आसपास पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। बैरिंग स्कूल, जंडियाला गुरु में डायोसिस ऑफ अमृतसर की ओर से भी पौधारोपण कार्यक्रम कराया गया। कार्यक्रम में फलदार पौधे जैसे नाशपाती, संतरा, नींबू और मैंडरिन संतरा लगाए गए। बिशप मनोज चरन ने कहा कि पौधारोपण प्रकृति की रक्षा और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण देने का संकल्प है।
Source: Source