पंजाब के अमृतसर में 88 फुट रोड इलाके में एक सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई है। हमलावरों ने एक स्विफ्ट कार का पीछा कर उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में सिमरनजीत सिंह उर्फ बिल्ला घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोलीबारी की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों में घटना के बाद भय और असुरक्षा का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना सदर अमृतसर में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। घायल सिमरनजीत सिंह का उपचार जारी है। पुलिस फायरिंग के पीछे के कारणों की जांच कर रही है और जल्द मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।
Source: Source