बरनाला में सफाई सेवकों पर लाठीचार्ज के विरोध में अमृतसर में वीरवार को पूर्ण बंद रखा गया। शहर के अधिकांश बाजार, दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान सुबह से शाम तक बंद रहे। प्रदर्शनकारियों ने खुले प्रतिष्ठानों को भी बंद करवाया। पेट्रोल पंप और बाजार बंद रहे, जबकि मेडिकल स्टोर, अस्पताल और शिक्षण संस्थान खुले रहे। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर हॉल गेट, बस स्टैंड और भंडारी पुल समेत कई रास्तों पर बैरिकेडिंग की। भंडारी पुल पर वाल्मीकि समाज और अन्य संगठनों ने सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर 31 जुलाई के बाद मरण व्रत शुरू करने की चेतावनी दी। धरने के दौरान विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के नेताओं ने भी भाग लिया। प्रदर्शन के बीच 20 से 25 युवक बाइकों पर तेजधार हथियार लेकर पहुंचे, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हथियार हटवाए और युवकों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन की हिदायत दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह की कानून व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों पर अड़े रहने की बात कही।
Source: Source