अबोहर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना नंबर-2 पुलिस ने लाइनपार क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चार युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल करीब 11 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पहली कार्रवाई राजीव नगर से ढाणी घोड़ेला मार्ग पर गश्त के दौरान की गई। पुलिस को देखकर दो युवक घबरा गए और भागने का प्रयास करने लगे। पीछा कर दोनों को पकड़ लिया गया। तलाशी में उनके पास से 5.50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ज्ञान प्रकाश और सोनू कुमार के रूप में हुई है। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दूसरी कार्रवाई ढाणी विशेषरनाथ के निकट नहर पुल के पास की गई। वहां संदिग्ध हालत में घूम रहे दो युवकों की तलाशी लेने पर 5.50 ग्राम हेरोइन मिली। इन आरोपियों की पहचान जसविंदर सिंह और गौरव बजाज के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां हेरोइन के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Source: Source