अबोहर में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए सीडफार्म क्षेत्र में एक बड़ा कासो (कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन) चलाया। एसएसपी गगन अजीत सिंह के दिशा-निर्देशों पर पुलिस की टीमों ने सुबह सघन तलाशी अभियान शुरू किया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के पास से 120 ग्राम चिट्टा और 180 नशीली गोलियां बरामद की गई हैं। पुलिस ने जसविंदर सिंह और लीलाधर को नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, गगनदीप और चंचल के पास से भारी मात्रा में चिट्टा बरामद हुआ है। चार अन्य संदिग्ध व्यक्तियों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनसे पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी में है। रिमांड का उद्देश्य नशे की इस आपूर्ति श्रृंखला के मुख्य नेटवर्क का खुलासा करना है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में नशा तस्करों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। भविष्य में भी संवेदनशील इलाकों में ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।
Source: Source