पंजाब के अबोहर में सक्रिय एक चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सिटी वन पुलिस ने बहावलवासी लिंक रोड पर मुखबिर की सूचना पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों के नाम सन्नी, प्रितपाल सिंह, हरजीत उर्फ प्रीत और अनमोल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 6 मोटरसाइकिल, 5 गैस सिलेंडर और एक एलईडी टीवी बरामद किया है। यह टीवी कल ही मलोट रोड के एक होटल से चोरी हुआ था। बाइकें शहर के विभिन्न इलाकों से चुराई गई थीं। गिरोह पिछले दो माह से सक्रिय था। आरोपियों पर पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि सभी के खिलाफ धारा 303(2) और 317(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस अब अन्य सामान और बाइकों के मालिकों की तलाश कर रही है।
Source: Source