पंजाब के अबोहर में कॉलेज रोड पर दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना सामने आई है। बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार दो युवकों को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। इस हमले में दोनों युवक सुरक्षित बच गए और कोई हताहत नहीं हुआ। घटना के बाद कॉलेज रोड पर मौजूद छात्रों और राहगीरों में अफरा-तफरी फैल गई। जानकारी के अनुसार, गांव बहाववाला निवासी खुशदीप सिंह और परविंदर सिंह अपनी गाड़ी से जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे हमलावरों ने अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस को मौके से तीन खाली कारतूस बरामद हुए हैं। अधिकारियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
Source: Source