छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से बड़े पैमाने पर लोहे की चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने हथखोज और अकलोरडीह इलाके में एक कबाड़ गोदाम से करीब 250 टन संदिग्ध लोहा जब्त किया है। जब्त लोहे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। प्लांट की सुरक्षा के लिए CISF के जवान तैनात हैं और सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, फिर भी चोरी हुई। आरोप है कि फ्लाई ऐश परिवहन की आड़ में लोहे को ट्रकों में छिपाकर प्लांट से बाहर निकाला जा रहा था। पुलिस ने दबिश देकर मौके पर मौजूद लोगों से दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई वैध कागजात नहीं मिले। मौके से 10 से अधिक वाहन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि यह लोहा BSP की SMS-3 यूनिट से चोरी कर यहां जमा किया गया था। ट्रकों के ऊपर फ्लाई ऐश डाली जाती थी, जबकि नीचे भारी मात्रा में लोहा छिपाकर रखा जाता था। इस मामले में ट्रांसपोर्टर संजय सिंह और गोदाम संचालक मोहम्मद कलीम का नाम सामने आया है। BSP प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए अलग से एक समिति गठित की है। पुलिस ने जब्त लोहे को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त कर गोदाम को सील कर दिया है। यह चोरी अंदरूनी मिलीभगत के बिना संभव नहीं मानी जा रही है। पुलिस और BSP प्रबंधन संयुक्त रूप से पूरे नेटवर्क की जांच कर रहे हैं। आगे की जांच में और आरोपियों के नाम उजागर होने की उम्मीद है।
Source: Source