महासमुंद जिले के दिव्यांग एथलीट सुकदेव ने बेंगलुरु में आयोजित 8वीं इंडियन ओपन इंटरनेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने 1500 मीटर दौड़ में महज 4 मिनट 26.80 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। इस जीत के साथ ही सुकदेव ने अक्टूबर में जापान में होने वाले 5वें एशियन पैरा गेम्स के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। 25 से 28 अप्रैल 2026 तक चली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में वे अपने गाइड रनर वेंकटेश के साथ शामिल हुए थे। सुकदेव ने कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए यह गोल्ड मेडल अपने नाम किया। फॉर्चून फाउंडेशन के संचालक निरंजन साहू ने कहा कि यह सफलता सुकदेव की कड़ी मेहनत और अनुशासन का नतीजा है। इससे पहले भी वे जूनियर एशियन यूथ पैरा गेम्स दुबई में 800 और 1500 मीटर में दोहरा स्वर्ण, खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025 में 400 मीटर गोल्ड, फज्जा इंटरनेशनल दुबई में सिल्वर और 24वीं नेशनल पैरा एथलेटिक्स 2026 में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। सुकदेव की लगातार उपलब्धियां दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बन गई हैं। अब सभी को उनसे जापान में एशियन पैरा गेम्स में और भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
Source: Source