छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साईराम व्हील्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ 20 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कंपनी के अकाउंटेंट को एक APK फाइल डाउनलोड करवाई थी। फाइल इंस्टॉल होते ही अकाउंटेंट के मोबाइल का पूरा एक्सेस ठगों के पास पहुंच गया। इसके बाद आरोपी कई दिनों तक मोबाइल की गतिविधियों पर नजर रखते रहे। उन्होंने कॉल, मैसेज, फोटो और व्हाट्सएप चैट की जानकारी हासिल कर ली। जांच में पता चला कि आरोपियों ने कंपनी के लेनदेन और पेमेंट सिस्टम को समझ लिया था। जब कंपनी के डायरेक्टर विदेश गए, तब आरोपियों ने उनकी फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी व्हाट्सएप डीपी बनाई। इसके जरिए अकाउंटेंट को पैसे ट्रांसफर करने के निर्देश भेजे गए। भरोसे में आकर अकाउंटेंट ने अलग-अलग खातों में 20 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। अगले दिन आरोपियों ने 48 लाख रुपये और मांगने की कोशिश की, तब मामला संदिग्ध लगा। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और रायपुर से सभी आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल, डेबिट कार्ड, सिम कार्ड, बैंक दस्तावेज और नकदी बरामद की है। जांच में सामने आया कि आरोपी होटल और किराए के मकानों में रहकर साइबर ठगी को अंजाम देते थे।
Source: Source