लुधियाना के तिलक नगर इलाके में चोरों ने हौजरी मार्केट को निशाना बनाते हुए तीन दुकानों के बाहर लगे एसी और बिजली मीटरों की तारें काटकर चोरी कर लीं। घटना सुबह करीब 5:40 बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद कारोबारियों में रोष है। जानकारी के मुताबिक तिलक नगर स्थित हरी ओम निटवेयर हौजरी के बाहर लगे एसी और बिजली मीटर की कॉपर वायर चोर काटकर ले गया। सुबह जब दुकानदार सौरव सरीन दुकान पर पहुंचे तो बिजली बंद मिली। जांच करने पर पता चला कि एसी और मीटर की तारें गायब हैं। सौरव ने आसपास के दुकानदारों को सूचना दी तो सामने आया कि दो अन्य दुकानों में भी इसी तरह चोरी हुई है। चोर दुकानों के बाहर लगे एसी और मीटरों की वायर काटकर ले गया। CCTV कैमरों में कैद हुआ चोर घटना स्थल पर लगे CCTV कैमरों में आरोपी कैद हो गया है। दुकानदारों का कहना है कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे व्यापारियों में डर का माहौल है। कारोबारियों ने थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है। दुकानदारों का कहना है कि यदि इसी तरह दुकानों को निशाना बनाया जाता रहा तो कारोबार करना मुश्किल हो जाएगा। दुकानदार सौरव सरीन ने कहा कि यह पहली चोरी नहीं है। इलाके में पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। AC की पाइप कटने से गैस तक उड़ गई है। उन्होंने मांग की कि पुलिस की PCR टीमें नियमित रूप से इलाके में गश्त करें ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
Source: Source