सरगुजा जिले के दरिमा क्षेत्र में हाल ही में खुली अंग्रेजी शराब दुकान के विरोध में महिलाओं का गुस्सा सामने आया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं कलेक्टर जनदर्शन पहुंचीं और दुकान बंद कराने की मांग की। महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब दुकान खुलने से उनके परिवार और सामाजिक माहौल पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। प्रदर्शन में शामिल संपति यादव, आशा दास और सुमित्रा नायक सहित अन्य महिलाओं ने कहा कि गांव में शांति और सुरक्षा सबसे जरूरी है। महिलाओं ने प्रशासनिक रवैये पर भी नाराजगी जताई। जनदर्शन के दौरान कलेक्टर द्वारा महतारी वंदन योजना का जिक्र किए जाने पर भी उन्होंने असहमति जताई। महिलाओं का कहना है कि सरकारी योजना और शराब दुकान का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार सहायता राशि दे रही है, तो दूसरी तरफ शराब दुकान से समस्याएं बढ़ रही हैं। महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि यदि शराब दुकान बंद नहीं की गई तो वे महतारी वंदन योजना का लाभ भी नहीं लेना चाहेंगी। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने नारेबाजी भी की। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में शांति और सामाजिक संतुलन बनाए रखने की मांग की है।
Source: Source