झज्जर के लघु सचिवालय में सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में लोगों ने परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड, बिजली बिल और राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतें रखीं। डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को मौके पर ही शिकायतों के जल्द समाधान के निर्देश दिए। शिविर में कुल 9 शिकायतें दर्ज हुईं। डीसी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर लगाए जा रहे समाधान शिविरों का उद्देश्य आमजन को राहत देना है। लोगों को अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं की सुनवाई की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तय समय में उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाकर लोगों की समस्याओं का निवारण करना सरकार की प्राथमिकता है। जिला और उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और गुरुवार सुबह 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Source: Source