छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के ग्राम केपी में दशहरा की रात घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर की रात गांव में बसंत गिरी के घर के सामने डीजे बज रहा था, जहां ग्रामीण नाच-गाने के लिए जुटे थे। इस दौरान केपी बाबापारा निवासी 36 वर्षीय आलोक गिरी अपनी 32 वर्षीय पत्नी मानमती के साथ वहां पहुंचा था। डांस के दौरान घरेलू बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि आलोक ने पहले मौके पर ही पत्नी से मारपीट की और फिर उसे घर के सामने ले गया। वहां बच्चों के सामने उसने लोहे के पाइप और लकड़ी के डंडे से मानमती को पीटा। महिला के बेहोश होकर गिरने के बाद आरोपी ने उसके सिर पर एस्बेस्टस की सीट पटक दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस की टीम गांव पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहले भी शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था। पुलिस ने तलाश के बाद आलोक गिरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया।
Source: Source