हरियाणा के हिसार में CIA मिल गेट की टीम ने साउथ बाइपास पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को दो अवैध हथियारों और तीन जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मिल गेट स्थित ढाणी श्याम लाल निवासी रजत के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक रिवॉल्वर, 32 बोर की पिस्टल, एक मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, एसपी सिद्धान्त जैन के निर्देश पर अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत CIA मिल गेट प्रभारी सब इंस्पेक्टर जगदीश की टीम क्षेत्र में कार्रवाई कर रही थी। गश्त के दौरान मुख्य सिपाही अनुप सिंह और उनकी टीम को साउथ बाइपास पर एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से रिवॉल्वर, पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस मिले। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने का प्रयास किया जाएगा। रिमांड के दौरान उससे हथियारों के स्रोत और संभावित अन्य आरोपियों की संलिप्तता के बारे में पूछताछ की जाएगी।
Source: Source