गुरुग्राम में ऑनलाइन डॉक्टर की अपॉइंटमेंट बुक करने की कोशिश के दौरान साइबर ठगी का मामला सामने आया है। मशहूर सोशल एक्टिविस्ट और फिल्ममेकर दीपिका नारायण भारद्वाज के बुजुर्ग पिता सत्य नारायण भारद्वाज इस ठगी का शिकार हुए। वह अपनी पत्नी की आंखों के इलाज के लिए डॉक्टर का अपॉइंटमेंट लेना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने गूगल पर डॉक्टर का हेल्पलाइन नंबर खोजा, लेकिन उन्हें एक फर्जी नंबर मिला। ठगों ने असली अस्पताल जैसी दिखने वाली वेबसाइट बनाई थी, जो सर्च रिजल्ट में ऊपर दिखाई दे रही थी। पांच अक्टूबर को नंबर पर कॉल करने के बाद ठग ने उन्हें अपॉइंटमेंट के लिए एक ऐप डाउनलोड करने को कहा। प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड करने में दिक्कत आने पर ठग ने व्हाट्सएप के जरिए एक लिंक भेजा। आरोप है कि उस लिंक से डाउनलोड की गई फाइल रिमोट एक्सेस ऐप थी, जिससे ठगों को उनके फोन तक पहुंच मिल गई। उनकी पत्नी को संदेह हुआ तो उन्होंने बेटी दीपिका को इसकी जानकारी दी। दीपिका ने फोन से संदिग्ध ऐप हटाए, नंबर ब्लॉक किए और बैंक खाते फ्रीज कराने की कार्रवाई की। परिवार को लगा कि खतरा टल गया है, लेकिन दीपिका के मुताबिक, 13 अक्टूबर को उनके पिता के एक बैंक खाते से पूरी रकम निकाल ली गई। उन्होंने दावा किया कि पैसे कटने से पहले कोई संदेश, ओटीपी या अलर्ट नहीं मिला। परिवार ने बैंक में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से भी कार्रवाई की मांग करने की बात कही है। दीपिका ने सोशल मीडिया पर घटना साझा कर खासकर बुजुर्गों को ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की अपील की है।
Source: Source