पंजाब के लुधियाना में देर रात गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना में मशहूर पंडित कुलचे छोले वाले के बेटे राहुल शर्मा की हत्या कर दी गई। यह वारदात सेमेट्री रोड स्थित मशहूर दुकान के संचालक के परिवार से जुड़ी है। जानकारी के मुताबिक, राहुल देर रात एक जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया था। वह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार था, तभी फुल्लांवाल चौक के पास जे-ब्लॉक मॉल के नजदीक उस पर हमला किया गया। हमलावरों ने राहुल को दो गोलियां मारीं। इनमें से एक गोली उसकी छाती और दूसरी पीठ में लगी। गंभीर रूप से घायल राहुल को इलाज के लिए डीएमसी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया कि रात करीब 11:55 बजे राहुल ने दम तोड़ दिया, जबकि परिवार को इसकी जानकारी करीब 12:30 बजे मिली। राहुल के दोस्तों ने उसके साले को फोन कर अस्पताल पहुंचने के लिए कहा था। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों को राहुल की मौत की खबर मिली, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया। राहुल की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और उसके परिवार में पत्नी, माता-पिता तथा एक शादीशुदा बहन हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात के पीछे क्या वजह थी तथा गोली चलाने वाले कौन थे।
Source: Source