हरियाणा के जींद में दुर्गा पूजा के दिन दो नाबालिग बहनों के अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़िताओं के पिता की शिकायत के अनुसार, 19 अक्टूबर की सुबह करीब पौने 10 बजे कार सवार तीन युवक उनकी बेटियों को गली से अपने साथ ले गए। दोनों बच्चियां स्कूल में पढ़ती हैं। आरोप है कि युवकों ने दोनों नाबालिगों को करीब चार घंटे तक कार में घुमाया। इस दौरान उनके साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें की गईं। आरोपी बाद में दोनों बच्चियों को एक गली में छोड़कर फरार हो गए। दोपहर करीब दो बजे परिजनों को दोनों बच्चियां मिलीं। घर लौटने के बाद बच्चियों ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी परिवार को दी। परिजनों के मुताबिक, दोनों बच्चियां घटना के बाद डरी और सहमी हुई थीं। पीड़िताओं के पिता ने मामले की शिकायत महिला थाना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी हन्नी, बादल और ललित के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। महिला थाना प्रभारी पूजा के अनुसार, बच्चियां आरोपियों की गाड़ी और उनके जाने की जगहों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के स्पष्ट होने की उम्मीद है।
Source: Source