छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शराब दुकान में सेंधमारी कर चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना सकरी थाना क्षेत्र के कोड़ापुरी स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान की है। अज्ञात चोरों ने 18 और 19 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात दुकान की पिछली दीवार में सेंध लगाकर वारदात को अंजाम दिया। चोर शराब की अलग-अलग ब्रांड की बोतलें और गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत 14,400 रुपये बताई गई है। 19 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे दुकान के सुपरवाइजर सुजीत चतुर्वेदी ड्यूटी पर पहुंचे, तब घटना का पता चला। सुजीत चतुर्वेदी ने मामले की शिकायत सकरी थाने में दर्ज कराई है। चोरी हुए सामान में प्लेन मदिरा के 48 पाव शामिल हैं, जिनकी कीमत 3,840 रुपये बताई गई है। इसके अलावा चोर 3,200 रुपये की चार बोतल 8 पीएम ब्लैक भी ले गए। दुकान से ब्लेंडर्स प्राइड रिजर्व, मेड ऑफ प्रीमियम और व्हाइट एंड ब्लू ब्रांड की शराब भी चोरी हुई है। चोर गल्ले में रखे 4,360 रुपये भी अपने साथ ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(a) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
Source: Source