हरियाणा के पलवल जिले के भुर्जा गांव में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर नकदी, सोने के आभूषण और गैस सिलेंडर चोरी कर लिया। यह घटना गदपुरी थाना क्षेत्र की है। मकान मालिक रमेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो अज्ञात चोर उनके घर में घुसे थे। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने अलमारी से तीन हजार रुपये नकद चुरा लिए। इसके अलावा, चोर करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन भी ले गए। उन्होंने बरामदे में रखा एलपीजी गैस सिलेंडर भी चोरी कर लिया। घर लौटने के बाद रमेश ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में दो संदिग्ध युवक बाइक पर गैस सिलेंडर ले जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पीड़ित ने धतीर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलने पर जांच अधिकारी एएसआई प्रदीप ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। गदपुरी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
Source: Source