हरियाणा के फरीदाबाद में ट्रैक्टर चालक जगदीश की इलाज के दौरान मौत हो गई। 40 वर्षीय जगदीश ने नेहरू ग्राउंड की लोहा मंडी में करीब 15 साल तक ट्रैक्टर चलाने का काम किया था। परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर खराब होने के बाद उसके मालिक पवन ने उसके साथ मारपीट की थी। जानकारी के मुताबिक, 7 अक्टूबर को जगदीश रोजाना की तरह काम पर गया था। उस दिन ट्रैक्टर पर उसकी क्षमता से अधिक लोहा लोड किए जाने की बात सामने आई है। जब ट्रैक्टर नीलम फ्लाईओवर पर चढ़ रहा था, तभी उसमें से धुआं निकलने लगा और इंजन सीज हो गया। आरोप है कि ट्रैक्टर खराब होने पर मालिक ने जगदीश को भला-बुरा कहा। परिजनों के मुताबिक, अगले दिन सुबह पवन जगदीश के घर पहुंचा और डंडे से उसकी पिटाई की। इस कथित हमले में जगदीश को गंभीर चोटें आईं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक उसका इलाज चला। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की भाभी रेनू ने आरोप लगाया कि मारपीट के कारण परिवार ने अपना सदस्य खो दिया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है। सेक्टर-11 चौकी इंचार्ज सुखबीर के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source