हरियाणा के पंचकूला स्थित नाडा साहिब गुरुद्वारे में दर्शन करने पहुंची दिल्ली विश्वविद्यालय की एक महिला प्रोफेसर का पर्स चोरी हो गया। पीड़िता की पहचान नवनीता चड्ढा बेहेरा के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम के सेक्टर-81 की रहने वाली हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह 18 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे से 11:45 बजे के बीच गुरुद्वारे में माथा टेकने गई थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात महिला ने उनके बैग से पर्स निकाल लिया। चोरी हुए पर्स में 8 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, दिल्ली विश्वविद्यालय का पहचान पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस था। इसके अलावा HSBC, SBI और HDFC बैंक के तीन क्रेडिट या डेबिट कार्ड भी पर्स में मौजूद थे। पर्स गायब होने का पता चलने पर पीड़िता ने गुरुद्वारा प्रबंधन कार्यालय से संपर्क किया। परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई, जिसमें कथित तौर पर पर्स ले जाती एक महिला और उसकी साथी दिखाई दीं। इसके बाद पीड़िता ने चंडीमंदिर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी रामपाल के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Source: Source