छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव शहर के गौरी नगर स्थित निर्माणाधीन अंडरब्रिज में गायों के दो कटे सिर मिलने से इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। पानी निकालने के दौरान अंडरब्रिज में एक कटा सिर दिखाई दिया, जिसे स्थानीय युवकों ने रस्सी की मदद से बाहर निकाला। इसके बाद वहां से गाय का एक और कटा सिर मिलने की जानकारी सामने आई। घटना की खबर फैलते ही हिंदू संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने मानव मंदिर चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने कोतवाली थाने के बाहर चक्काजाम कर हनुमान चालीसा का पाठ किया। गौरी नगर के वरिष्ठ पार्षद हफीज खान भी शिकायत लेकर थाने पहुंचे। डीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है। जांच के दौरान एक संदिग्ध के बारे में जानकारी सामने आने की बात कही गई है, लेकिन घटना में उसकी भूमिका की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया। अधिकारियों की ओर से कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद प्रदर्शन शांत हुआ।
Source: Source