छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जमीन विवाद को लेकर एक पड़ोसी ने 77 वर्षीय बुजुर्ग पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के बड़े रेगड़ा गांव की है। जानकारी के मुताबिक, मनधर यादव शाम को दुर्गा पंडाल में प्रसाद लेने गए थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी नत्थूलाल अगरिया (57) ने उनके गले पर धारदार चाकू से वार कर दिया। हमले में मनधर यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायल बुजुर्ग को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। मनधर यादव के बेटे रामकुमार यादव ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका और मनधर यादव का घर एक-दूसरे से लगा हुआ है। दोनों के बीच जमीन को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। आरोपी के अनुसार, घटना वाले दिन भी इसी विवाद के चलते उसने कटहल काटने वाले धारदार चाकू से बुजुर्ग के गले पर हमला किया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू जब्त कर लिया है। आरोपी नत्थूलाल अगरिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
Source: Source