हरियाणा के धारूहेड़ा क्षेत्र में दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर शनिवार देर रात दो ट्रकों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा जंगल बेबलर के सामने रात करीब तीन बजे हुआ। एल्यूमिनियम प्लेटों से भरा ट्रक जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े रोड़ी से भरे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। बताया गया है कि खड़ा ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे रुका हुआ था। टक्कर इतनी भीषण थी कि एल्यूमिनियम लदे ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक अर्जुन केबिन में बुरी तरह फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। करीब 30 वर्षीय अर्जुन राजस्थान के अजमेर का निवासी था। सूचना मिलने पर धारूहेड़ा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने ट्रक की बॉडी काटकर चालक को बाहर निकाला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस के अनुसार, सड़क किनारे खड़े ट्रक का चालक दुर्घटना के बाद मौके से चला गया। पुलिस उसकी तलाश करने के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Source: Source