हरियाणा के फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी में घर के नीचे खड़ी स्प्लेंडर बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। दो युवक एक बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे थे। इनमें से एक युवक ने महज पांच सेकंड में बाइक का लॉक तोड़ा और उसे लेकर फरार हो गया। दूसरा आरोपी अपनी बाइक पर ही बैठा रहा। चोरी की पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। बाइक के मालिक अन्नी शर्मा मूल रूप से गाजियाबाद के लोनी के निवासी हैं और फरीदाबाद में किराए के मकान में रहते हैं। वह शहर में ड्राइवर का काम करते हैं। अन्नी शर्मा ने बताया कि 13 अक्टूबर की रात उन्होंने रोजाना की तरह अपनी स्प्लेंडर बाइक घर के नीचे खड़ी की थी। देर रात करीब तीन बजे दोनों युवक वहां पहुंचे और आसपास की स्थिति पर नजर रखी। इसके बाद एक युवक ने बाइक का लॉक तोड़कर उसे चुरा लिया। सुबह घर से बाहर आने पर अन्नी शर्मा को बाइक गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने यह बाइक वर्ष 2023 में खरीदी थी और चोरी के कारण उन्हें परेशानी हो रही है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और चोरी हुई बाइक बरामद करने का प्रयास कर रही है।
Source: Source