चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पिछले 36 दिनों से जारी मेगा ब्लॉक गुरुवार रात समाप्त हो गया। शुक्रवार से सभी निर्धारित ट्रेनों का संचालन फिर चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से शुरू हो गया है। स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के कारण 10 सितंबर से पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लगाया गया था। इस दौरान कुल 442 ट्रेन ट्रिप रद्द करनी पड़ी थीं, जिन्हें अब बहाल कर दिया गया है। ब्लॉक के कारण अंबाला कैंट और मोहाली से चलाई जा रही ट्रेनों का संचालन भी अब चंडीगढ़ से होगा। इससे यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए दूसरे स्टेशनों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रेलवे ने पहले से टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को एसएमएस भेजकर इस बदलाव की जानकारी देनी शुरू कर दी है। स्टेशन का पुनर्विकास रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) की ओर से 462 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत नए रूफ स्ट्रक्चर का निर्माण और पुराने फुट ओवरब्रिज को हटाने जैसे काम किए गए हैं। निर्माण कार्य के कारण कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया था, जबकि कई ट्रेनों के शुरुआती और अंतिम स्टेशन में बदलाव किया गया था। अब अंबाला कैंट से संचालित की जा रही ट्रेन संख्या 15063/15068, 12983/12984 और 20989/20990 फिर चंडीगढ़ से चलेंगी। लालकुआं-अमृतसर-लालकुआं ट्रेन संख्या 14615/14616 भी अपने निर्धारित मार्ग पर लौट आएगी। इसके अलावा, मोहाली से चलाई जा रही पांच जोड़ी ट्रेनों का संचालन भी चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से बहाल कर दिया गया है। रेलवे ने यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले रेलवे ऐप या हेल्पलाइन नंबर 139 पर ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी है।
Source: Source