हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस लाइन के सामने स्थित फुटओवर ब्रिज पर एक व्यक्ति की इंटरलॉकिंग ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई। राहगीरों ने पुल पर शव पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सेक्टर-14 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार, मृतक का शरीर खून से सना हुआ था और उस पर गंभीर चोटों के निशान थे। शव के पास खून से सनी एक इंटरलॉकिंग टाइल भी मिली है। आशंका है कि हमलावर ने इसी भारी टाइल से वार कर हत्या की। घटना की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। मृतक के पास से कोई ऐसा दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस आसपास के इलाकों और लापता लोगों के रिकॉर्ड की मदद से उसकी शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। वारदात के समय और संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस लाइन के सामने हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। थाना प्रभारी विनोद के मुताबिक, जांच अधिकारी की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में मृतक की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
Source: Source