हरियाणा के फरीदाबाद के डबुआ-गाजीपुर इलाके में मस्जिद के पास 22 वर्षीय युवक सागर पर नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। घटना रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। डबुआ कॉलोनी निवासी सागर एक निजी कंपनी में काम करता है। वह अपने दोस्त के साथ दुकान से दूध की थैली लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान दर्जनभर से अधिक बदमाशों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने युवक को डंडों और सरियों से बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में उसके पैर टूटने की भी जानकारी सामने आई है। घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके फुटेज में हमलावर युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि पिटाई के बाद बदमाशों ने सागर के घर पर पथराव किया और तोड़फोड़ भी की। पुलिस के मुताबिक, मामले में मुन्ना गैंग का नाम सामने आ रहा है। पुलिस ने सौरभ नामक एक आरोपी की पहचान की है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। घायल सागर को बादशाह खान नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर कर दिया गया। डबुआ थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस हमले के कारणों का पता लगाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने में जुटी है।
Source: Source