हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना में अंबेडकर चौक के पास स्थित एक गिफ्ट की दुकान में चोरी की वारदात सामने आई है। देर रात चोरों ने दुकान के पीछे लगे शटर को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। आरोपियों ने दुकान के गल्ले में रखी नकदी और नोटों की मालाओं में इस्तेमाल होने वाले नोट चोरी कर लिए। दुकानदार के अनुसार, चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 4.50 लाख रुपये है। त्योहारों और शादियों के सीजन को देखते हुए दुकान में अधिक नकदी रखी गई थी। गल्ले में लगभग दो से ढाई लाख रुपये मौजूद थे। इसके अलावा, नोटों की मालाएं तैयार करने के लिए डेढ़ से दो लाख रुपये के नोट अलग रखे गए थे। वारदात के बाद चोर मौके से फरार हो गए। सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार को पीछे का शटर टूटा मिला। दुकान के अंदर सामान बिखरा हुआ था और गल्ला भी टूटा मिला। दुकानदार ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों का पता लगाया जा सके। समता चौकी गोहाना में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में चिंता का माहौल है।
Source: Source