हरियाणा के अंबाला सिटी में सोमवार शाम 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से सोने की बालियां झपटने की घटना सामने आई है। पीड़ित महिला की पहचान मिलाप नगर निवासी गुरमीत कौर के रूप में हुई है। वह मानव चौक स्थित सब्जी मंडी से खरीदारी कर पैदल घर लौट रही थीं। शाम करीब 6 बजे जब वह नरूला डेयरी के पास गली में पहुंचीं, तभी पीछे से आए एक युवक ने उनके दोनों कानों से बालियां खींच लीं। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। महिला के अनुसार, बालियों का वजन करीब 10 ग्राम था। पुलिस ने प्राथमिकी में चोरी हुई बालियों की कीमत 62 हजार रुपये दर्ज की है। वारदात के बाद महिला ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी नीत कौर ने बताया कि उन्होंने आरोपी को वहां से गुजरते देखा था। उनके अनुसार, घटना के बाद आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शी ने यह भी कहा कि महिला के शोर मचाने के बावजूद कोई आरोपी को पकड़ने के लिए आगे नहीं आया। पीड़ित महिला ने बताया कि अचानक हुई घटना के कारण वह आरोपी के कपड़ों पर ध्यान नहीं दे सकीं। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शी ने एक युवक की कमीज का रंग सुरमई बताया। अंबाला शहर पुलिस ने 12 अक्टूबर को अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है।
Source: Source