हरियाणा के पलवल में पुरानी बस्ती सल्लागढ़ में सोमवार देर रात एक व्यापारी के घर पर नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। बदमाशों ने लाठी-डंडों से घर के दरवाजे और खिड़कियों पर वार किए। हमले में खिड़कियों के शीशे टूट गए और गली में खड़ी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया। व्यापारी इरशाद ने बताया कि वह घर में सो रहे थे, तभी तोड़फोड़ की आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई। डर के कारण वह घर से बाहर नहीं निकले। पड़ोस में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में छह नकाबपोश युवक लाठी-डंडे लेकर घर की ओर आते और तोड़फोड़ करते दिखाई दिए। पलवल पुलिस के कमांडो खजान ने बताया कि गश्त के दौरान किठवाड़ी पुल के पास कुछ संदिग्ध युवक दिखाई दिए थे। शक होने पर उन्होंने उनका पीछा किया और मौके पर पहुंचकर एक आरोपी को पकड़ लिया। बाकी पांच आरोपी भागने में सफल रहे। व्यापारी के अनुसार, वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर के रहने वाले हैं और करीब 16 वर्षों से पलवल में रहकर खाद्य सामग्री का थोक कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह हमलावरों में से किसी को नहीं पहचानते। व्यापारी ने पुलिस को शिकायत दी है और पुलिस के अनुसार एक आरोपी हिरासत में है। फिलहाल हमले के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।
Source: Source