छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आउटर इलाके में खरोरा पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापेमारी कर 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ग्राम सारागांव में ग्वाला पोल्ट्री फार्म के पास चल रहे जुए के फड़ पर की गई। पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर को मुखबिर से वहां ताश के पत्तों पर जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर छापा मारा। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोगों ने भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने 12 आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि फड़ का मुख्य आरोपी उमेश साहू फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मौके से ₹3,48,820 नकद और ताश की 52 पत्तियां बरामद की गईं। इसके अलावा एक कार, आठ दोपहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹14,53,820 बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में रायपुर के अलावा बिलासपुर और बलौदाबाजार जिलों के लोग भी शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। दीपावली से पहले जुए की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने आउटर और ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। डीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी के अनुसार, जुए के अड्डों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Source: Source