लगातार बारिश से खराब हुई सड़कों की मरम्मत के लिए नगर निगम और लोक निर्माण विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर निगम ने 36 सड़कों की मरम्मत के लिए नगरीय प्रशासन विभाग से 21 करोड़ रुपए की मंजूरी मांगी है। मंजूरी मिलते ही इन सड़कों के लिए टेंडर जारी कर काम शुरू किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी ने एक हजार से अधिक सड़कों के पेच रिपेयर और डामरीकरण के लिए करीब 14 करोड़ रुपए की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। दोनों विभाग मिलकर सड़क मरम्मत पर करीब 35 करोड़ रुपए खर्च करेंगे। बारिश के कारण कई सड़कों की डामर की परत उखड़ गई है और बजरी बाहर आ गई है। सड़क किनारों के टूटने और गड्ढे बनने से भी लोगों को परेशानी हो रही है। विभागीय टीमें क्षतिग्रस्त हिस्सों का सर्वे कर मरम्मत की जरूरत तय कर रही हैं। कम क्षतिग्रस्त हिस्सों में पेच रिपेयर और ज्यादा खराब हिस्सों में डामरीकरण किया जाएगा। तेलीबांधा मरीन ड्राइव, गोगांव रोड, डीआरएम कार्यालय से भनपुरी रेलवे क्रॉसिंग और पुरानी धमतरी रोड समेत कई मार्ग प्रभावित हुए हैं। भारी वाहनों की आवाजाही से क्षतिग्रस्त सड़कें और खराब हो रही हैं। सड़क सूखने के बाद ढीली बजरी उछलने और धूल उड़ने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। शहर में गड्ढों और मुख्य मार्गों पर मवेशियों के बैठे रहने से भी हादसों की आशंका बढ़ी है। सामाजिक कार्यकर्ता नंदलाल साहित्य ने कलेक्टर से सड़कों और वार्डों का सर्वे कराने तथा गड्ढों की मरम्मत की मांग की है। पीडब्ल्यूडी के एससी राजीव नशीने के अनुसार 14 करोड़ रुपए की मंजूरी मिल चुकी है और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द काम शुरू किया जाएगा।
Source: Source