गुरुग्राम के सिविल लाइंस इलाके में दिल्ली निवासी एक युवक ने सड़क पर अचानक हंगामा शुरू कर दिया। वह बार-बार चिल्ला रहा था कि उसे गोली मार दी जाएगी। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों में डर फैल गया और मौके पर भीड़ जमा हो गई। युवक के साथ मौजूद एक लड़की भी उसकी हरकत से घबरा गई। युवक डर के कारण लड़की के पीछे छिपने की कोशिश करता रहा। कुछ देर बाद वह लड़की को बाहों में लेकर सड़क पर बैठ गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस और पीसीआर टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के समझाने के बावजूद युवक लगातार अपनी जान को खतरा बताते हुए चिल्लाता रहा। इसके बाद लड़की ने युवक के मोबाइल से उसके परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। दिल्ली के उत्तम नगर से पहुंचे परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसका इलाज चल रहा है। परिजनों के मुताबिक, गुरुग्राम जाते समय उसकी मानसिक स्थिति अचानक बिगड़ गई और उसे किसी के जान से मारने का भ्रम होने लगा। पुलिस ने मेडिकल दस्तावेज और परिजनों की जानकारी के आधार पर युवक को सुरक्षित उसके परिवार के हवाले कर दिया। करीब दो से तीन घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद इलाके में स्थिति सामान्य हो गई।
Source: Source