लुधियाना के न्यू चंदर नगर की नाले वाली रोड पर रात करीब 1 बजे लूट की वारदात हुई। तीन बाइकों पर सवार नौ बदमाशों ने दो राहगीरों को घेर लिया। सभी बदमाशों के हाथों में तलवारें थीं। एक राहगीर जान बचाने के लिए मौके से भागने लगा। एक बदमाश तलवार लेकर उसके पीछे दौड़ा। दूसरे राहगीर को बदमाशों ने तलवारों के बल पर घेरकर उसकी तलाशी ली। बदमाशों ने उसकी जेब से मोबाइल फोन और नकदी छीन ली। वारदात के बाद सभी आरोपी बाइक से फरार हो गए। इलाके में लगे CCTV कैमरों की जांच में तीन बाइकों पर नौ बदमाश दिखाई दिए। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासी एडवोकेट सुमित जैसवाल ने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है। पुलिस चौकी जगतपुरी के इंचार्ज सुखजिंदर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता अभी सामने नहीं आया है। पुलिस अपने स्तर पर आरोपियों की पहचान में जुटी है और उन्हें जल्द पकड़ने की बात कही है।
Source: Source