फरीदाबाद के बल्लभगढ़ सेक्टर-3 में युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हमले की वजह युवक की एक महिला से दोस्ती होने का शक था। घटना 7 सितंबर को वाल्मीकि मंदिर के पास हुई थी। निपुन पटेल नामक 27 वर्षीय युवक मंदिर जा रहा था, तभी उस पर चाकू और डंडे से हमला किया गया। हमले में निपुन गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस जांच में धर्मेंद्र और मनीष को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र को शक था कि निपुन की महिला से दोस्ती हो गई है। इसी शक के चलते उसने अपने साथियों के जरिए निपुन पर हमला करवाया। जांच के अनुसार धर्मेंद्र घटनास्थल के पास खड़ा रहा, जबकि मनीष और आशीष ने युवक पर हमला किया। पुलिस ने धर्मेंद्र और मनीष को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी आशीष अभी फरार है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों का मुंडन कराकर वारदात वाली जगह पर परेड भी कराई। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। क्राइम ब्रांच की टीम फरार आरोपी की तलाश कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।
Source: Source