फरीदकोट में स्वास्थ्य विभाग ने सूचना के आधार पर करीब 22 हजार लीटर संदिग्ध देसी घी से भरा टैंकर पकड़ा है। यह टैंकर ग्रेटर नोएडा से कोटकपूरा के फरीदकोट रोड स्थित देसी घी की फैक्ट्री में सप्लाई के लिए पहुंचा था। जीएसटी विभाग के इंटेलिजेंस विंग को टैंकर में संदिग्ध घी होने की सूचना मिली थी। इसके बाद जीएसटी विभाग ने स्वास्थ्य विभाग को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर फूड कमिश्नर अमित जोशी के नेतृत्व में चंडीगढ़ से टीम कोटकपूरा पहुंची। टीम ने फरीदकोट के फूड सेफ्टी अफसर नवदीप सिंह चहल के नेतृत्व वाली टीम के साथ मिलकर टैंकर को कब्जे में लिया। विभागीय अधिकारियों ने टैंकर में मौजूद घी के सैंपल लिए। सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। फूड सेफ्टी अफसर के अनुसार टैंकर में करीब 22 हजार लीटर संदिग्ध देसी घी मौजूद है। फिलहाल टैंकर विभाग के कब्जे में रखा गया है। अधिकारियों को सैंपल की रिपोर्ट जल्द मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source