सिरसा के डबवाली क्षेत्र में लापता पालतू डॉग जेरी का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। डॉग के मालिक राजीव कुमार बंसल ने उसे खोजने के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। परिवार के अनुसार जेरी 18 सितंबर से घर से लापता है। हाल ही में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में एक स्कूटी सवार व्यक्ति जेरी को ले जाता हुआ दिखाई देने का दावा किया गया है। डॉग मालिक ने फुटेज पुलिस को सौंपकर मामले की जांच की मांग की है। पुलिस ने बुधवार शाम डॉग मालिक और स्कूटी सवार दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए बुलाया। स्कूटी सवार ने डॉग को ले जाने से इनकार करते हुए कहा कि उसके थैले में सब्जी थी। दोनों पक्षों से काफी देर तक पूछताछ के बावजूद मामले में कोई समाधान नहीं निकल सका। पुलिस ने दोनों पक्षों को गुरुवार को दोबारा बुलाया है। पुलिस के अनुसार मामले की अलग से जांच कर जेरी की तलाश की जाएगी। डॉग मालिक के अनुसार जेरी करीब साढ़े तीन साल से उनके परिवार के साथ था और परिवार के सदस्य उससे काफी जुड़े हुए हैं। परिवार हर साल 22 फरवरी को उसका जन्मदिन भी मनाता था। जेरी पग नस्ल का है और परिवार के मुताबिक वह कम भौंकता है तथा आक्रामक भी नहीं है। परिवार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जेरी की तलाश में जुटा है और उसके मिलने की उम्मीद कर रहा है।
Source: Source