फरीदाबाद के चंदावली नहर पुल पर ट्रक की चपेट में आने से ड्राइवर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ट्रॉला पुल पर चढ़ाते समय अचानक बंद हो गया। ट्रक बंद होने के बाद पीछे की ओर खिसकने लगा। चालक उसे रोकने के लिए नीचे उतरा और पहिये के पास लकड़ी का सहारा लगाने लगा। इसी दौरान वह ट्रक की चपेट में आ गया। ट्रक का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सुनपेड़ गांव निवासी 43 वर्षीय इंद्रजीत कुमार के रूप में हुई है। इंद्रजीत ड्राइवरी का काम करता था और उसके परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। हादसे की सूचना मिलने पर उसके परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रक बंद होने के बाद पीछे की ओर जाने लगा था। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया।
Source: Source