अमरोहा में 23 वर्षीय युवती ने पुलिसकर्मियों और CRPF जवानों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। युवती हरियाणा की रहने वाली बताई गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में सब इंस्पेक्टर संजय तोमर, हेड कॉन्स्टेबल प्रमोद मलिक और CRPF के दो जवान लालाराम यादव व मोहित को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि युवती को हरियाणा से अमरोहा लाया गया था। पुलिस के मुताबिक, युवती को हसनपुर क्षेत्र के झुलपुरी गांव के पास एक फार्म हाउस में ठहराया गया। रिपोर्ट के अनुसार, फार्म हाउस उत्तराखंड की खानपुर सीट से निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा का बताया जा रहा है। युवती का आरोप है कि चारों आरोपियों ने वहां शराब पी और बाद में तीन आरोपी उसके कमरे में पहुंचे। युवती ने पुलिस को बताया कि तीनों ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। इसके बाद चौथा आरोपी कमरे में आया, जिसे बाहर कर युवती ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। युवती ने गूगल सर्च के जरिए अमरोहा पुलिस का नंबर खोजकर घटना की सूचना दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। एसपी लाखन सिंह यादव के अनुसार, युवती का मेडिकल कराया गया है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। देर शाम मुरादाबाद के DIG मुनिराज जी. भी अमरोहा पहुंचे और अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फार्म हाउस से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
Source: Source