कपूरथला के नवां पिंड भट्ठे गांव में 38 वर्षीय हरदीप सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, वह दो अन्य युवकों के साथ एक घर में नशा कर रहा था। सुबह हरदीप को जगाने पर वह नहीं उठा और उसकी मौत हो चुकी थी। आरोप है कि उसके साथियों ने शव को गांव के छप्पड़ के किनारे फेंक दिया। पुलिस को शव पर चोट के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद एक युवक मुक्खा को गिरफ्तार कर लिया। दूसरा युवक मक्खी मौके से फरार हो गया। दोनों ने रात में नशा करने की बात पुलिस के सामने स्वीकार की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कपूरथला सिविल अस्पताल भेजा है। पुलिस के मुताबिक, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। जांच में सामने आया कि हरदीप के माता-पिता का निधन हो चुका था और उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर जा चुकी थी। मृतक की कोई संतान नहीं थी। ग्रामीणों ने गांव में खुलेआम नशे की बिक्री का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने नशे की सप्लाई के स्रोत और कथित तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
Source: Source