सूरजपुर जिले के उमापुर में 17 वर्षीय नाबालिग की फांसी लगाने से मौत हो गई। वह करीब आठ महीने से युवक ललित साहू के साथ रह रही थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई है। 17 सितंबर को नाबालिग ने कथित तौर पर ललित के घर के किचन में फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन उमापुर पहुंचे, जहां उन्हें उसका शव बेडरूम में मिला। पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में पंचनामा और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई कराई। पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान भी दर्ज किए। परिजनों ने नाबालिग की हत्या का आरोप लगाते हुए सूरजपुर एसपी से शिकायत की। उन्होंने मारपीट और शरीर पर चोट के निशान होने का आरोप भी लगाया। परिजनों ने यह भी कहा कि उन्हें अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी नहीं दी गई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने ललित साहू के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि जांच के तथ्यों के आधार पर होगी।
Source: Source